अयोध्या के रामजन्मभूमि परिसर में आज 5 जून को गंगा दशहरा के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अभिजीत मुहूर्त में रामलला समेत कई देवी-देवताओं की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा करेंगे। राम मंदिर के प्रथम तल पर भव्य राम दरबार सुशोभित होगा, जबकि परिसर में भगवान शिव, गणेश, सूर्यदेव, मां दुर्गा, अन्नपूर्णा, हनुमान जी और शेषावतार लक्ष्मण जी की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। काशी के यज्ञाचार्य जयप्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में 120 आचार्य मंत्रोच्चार के साथ पूजन करेंगे। मुख्य यजमान डॉ. अनिल कुमार मिश्र व अन्य विशिष्टजन अनुष्ठान में सम्मिलित होंगे। प्राण प्रतिष्ठा का शुभ मुहूर्त 11:25 से 11:40 बजे तक रहेगा। दिनभर धार्मिक पाठ, जप और भजन संध्या का आयोजन भी होगा।
