सिंहस्थ 2028 की तैयारियों में जुटा उज्जैन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विकास कार्यों का लिया जायजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मोहन यादव ने शुक्रवार को उज्जैन दौरे के दौरान हरसिद्धि पाल से रामघाट मार्ग तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा में और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं और शहरवासियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उज्जैन के विकास कार्यों की लगातार निगरानी कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक नगरी उज्जैन को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, ताकि सिंहस्थ मेले में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सुगम यातायात और बेहतर व्यवस्थाएं मिल सकें। उन्होंने उज्जैनवासियों, जनप्रतिनिधियों और सभी समाजों के सहयोग की सराहना करते हुए इसे विकास की मिसाल बताया।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री रामघाट पहुंचे, जहां होम गार्ड डिपार्टमेंट द्वारा आयोजित बाढ़ बचाव प्रशिक्षण कार्यक्रम का अवलोकन किया। इस दौरान जवानों ने डीप डाइविंग, अंडरवॉटर रेस्क्यू, सर्फेस वाटर रेस्क्यू, नाव संचालन, तैराकी और लाइफ जैकेट उपयोग जैसी आपदा प्रबंधन तकनीकों का प्रदर्शन किया।

डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट संतोष कुमार जाट ने बताया कि 250 होमगार्ड जवानों को 15 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि बाढ़ और आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से किए जा सकें।

कार्यक्रम में उज्जैन डेवलपमेंट ऑथोरिटी अध्यक्ष रवि सोलंकी, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, संजय अग्रवाल, संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजीपी राकेश गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें