धार/नई दिल्ली। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद सावित्री ठाकुर के प्रयासों से धार स्थित माँ वाग्देवी-भोजशाला पर स्मारक डाक टिकट जारी करने के प्रस्ताव को केंद्र सरकार ने स्वीकृति दे दी है। इसकी जानकारी केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया द्वारा भेजे गए पत्र के माध्यम से दी गई।
सांसद सावित्री ठाकुर ने 1 जून 2026 को केंद्रीय संचार मंत्री को पत्र लिखकर भोजशाला के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को देखते हुए स्मारक डाक टिकट जारी करने का आग्रह किया था। इसके बाद उन्होंने व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर भी इस विषय को प्रमुखता से रखा। मंत्रालय ने प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए 29 जुलाई 2026 को इसकी औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी।
सावित्री ठाकुर ने कहा कि भोजशाला केवल धार या मध्यप्रदेश की धरोहर नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। स्मारक डाक टिकट जारी होने से देश-विदेश में इसकी पहचान और मजबूत होगी तथा नई पीढ़ी भारतीय इतिहास और संस्कृति से जुड़ने के लिए प्रेरित होगी।
उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक धरोहरों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस फैसले से भोजशाला को राष्ट्रीय स्तर पर नई प्रतिष्ठा मिलेगी और धार जिले सहित पूरे मध्यप्रदेश में सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।









