जबलपुर। मध्यप्रदेश में आंधी-बारिश का दौर थमते ही अब भीषण गर्मी का प्रकोप शुरू होने जा रहा है। मौसम विभाग ने 12 मई से पूरे प्रदेश में हीटवेव यानी लू चलने का अलर्ट जारी किया है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार और शाजापुर समेत कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। IMD के अनुसार 10 मई के बाद मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहेगा, जिससे सूर्य की तपिश और ज्यादा बढ़ेगी। पश्चिमी और उत्तरी मध्यप्रदेश में लू का असर सबसे अधिक देखने को मिलेगा। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, ज्यादा पानी पीने और हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है। हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और थकान जैसी समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है।








