
पुरानी पेंशन, आठवें वेतन आयोग और आठ घंटे की ड्यूटी जैसे मुद्दों पर चर्चा
रतलाम। रेलवे कर्मचारियों के हितों, उनकी समस्याओं और कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाओं को लेकर रविवार को रतलाम में पश्चिम रेलवे कर्मचारी परिषद, भारतीय मजदूर संघ एवं भारतीय रेलवे मजदूर संघ की संयुक्त अखिल भारतीय औद्योगिक इकाई का 24वां जोनल कार्यकर्ता अधिवेशन एवं कर्मचारी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर मुख्य रूप से शामिल हुईं।
इस दौरान विभिन्न राज्यों से आए रेलवे कर्मचारियों एवं श्रमिक साथियों को संबोधित करते हुए सावित्री ठाकुर ने उनके विचार, सुझाव और समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति, रेल सेवाओं के सुचारु संचालन और कर्मचारी हितों के संरक्षण में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कर्मचारियों की समस्याओं को सुनना और उनके हितों से जुड़े विषयों पर संवाद करना आवश्यक है।

कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दे उठे
अधिवेशन में कर्मचारी संगठनों की ओर से पुरानी पेंशन योजना लागू करने, आठवें वेतन आयोग को शीघ्र लागू करने, वेतन के अनुरूप बोनस की गणना, रेल संचालन के अनुसार नए पदों का सृजन और कर्मचारियों के लिए आठ घंटे की ड्यूटी व्यवस्था लागू करने जैसे प्रमुख मुद्दे उठाए जाने की रूपरेखा पहले घोषित की गई थी। इसके साथ ही कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और सेवा संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा प्रस्तावित थी।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष रतलाम प्रदीप उपाध्याय, पश्चिम रेलवे कर्मचारी परिषद के जोनल संगठन महामंत्री शिवलहरी शर्मा सहित बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी एवं श्रमिक उपस्थित रहे।








