उधारी चुकाने के लिए ज्वेलर्स से ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

8.40 लाख के सोने के आभूषण जब्त, मनावर पुलिस की कार्रवाई

मनावर। ज्वेलर्स व्यापारी से कथित धोखाधड़ी कर सोने के आभूषण ले जाने के मामले में मनावर पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 8 लाख 40 हजार 500 रुपये मूल्य की तीन सोने की चेन और दो अंगूठियां जब्त की गई हैं।

पुलिस के मुताबिक, धार रोड निवासी वैभव सोनी मनावर में स्वर्णा श्री ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित करते हैं। फरियादी ने शिकायत में बताया कि 10 मई 2026 को विशाल विश्वकर्मा अपनी पत्नी प्रज्ञा के साथ दुकान पर पहुंचा और तीन सोने की चेन व दो अंगूठियां लीं, जिनकी कुल कीमत 8,40,500 थी। आरोप है कि दंपती ने 2 लाख देने और शेष रकम बाद में चुकाने का आश्वासन दिया। परिवार को आभूषण दिखाकर लौटाने की बात कहकर वे आभूषण अपने साथ ले गए, लेकिन बाद में न तो आभूषण लौटाए और न ही राशि का भुगतान किया।

इस संबंध में 18 अक्टूबर को शिकायत मिलने पर थाना मनावर में अपराध क्रमांक 736/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 316 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

उधारी की रकम के बदले आभूषण देने का आरोप

विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दंपती पर इंदौर निवासी धर्मेंद्र पाटीदार की 5 लाख की रकम बकाया थी। आरोप है कि इसी रकम के बदले दंपती ने ज्वेलर्स से लिए गए आभूषण धर्मेंद्र को दे दिए। पुलिस ने मामले में पति-पत्नी विशाल और प्रज्ञा विश्वकर्मा, निवासी जुनी मनावर, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में अन्य तथ्यों की जांच जारी है।

यह कार्यवाही थाना प्रभारी राजेश यादव के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इसमें उपनिरीक्षक रानी राठौर, प्रधान आरक्षक आमिर अंसारी, आरक्षक जितेंद्र कुशवाह और धार साइबर सेल के प्रधान आरक्षक सर्वेश एवं आरक्षक प्रशांत की भूमिका रही।

और पढ़ें