मनावर सिविल अस्पताल से हड्डी रोग विशेषज्ञों को हटाने पर विधायक का धरना प्रदर्शन 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर दोनों डॉक्टरों को यथावत रखने और जनरल सर्जन का पद भरने की मांग

मनावर। मनावर सिविल अस्पताल में सेवाएं दे रहे दोनों हड्डी रोग विशेषज्ञों डॉ संजय मुवेल और डॉ सुनील देसाई को हटाए जाने के मुद्दे पर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम तहसीलदार संदीप इवने को ज्ञापन सौंपकर दोनों डॉक्टरों को मनावर में यथावत पदस्थ रखने तथा अस्पताल में जनरल सर्जन का पद तत्काल भरने की मांग की है।

विधायक डॉ. अलावा ने ज्ञापन में बताया कि मनावर सिविल अस्पताल में डॉ. संजय मुवेल एवं डॉ. सुनील देसाई लंबे समय से हड्डी रोग विशेषज्ञ के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। दोनों डॉक्टरों के माध्यम से क्षेत्र के मरीजों को बेहतर उपचार मिल रहा है। मनावर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं के मामले सामने आते रहते हैं। ऐसे में हड्डी रोग विशेषज्ञों की उपलब्धता मरीजों के लिए बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि मनावर से बड़े अस्पतालों की दूरी को देखते हुए स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं जारी रहना आवश्यक है। दोनों डॉक्टरों को उनके मूल पदस्थापना स्थल पर भेजने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं और मरीजों को उपचार के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ सकता है।

विधायक ने मुख्यमंत्री से मांग की कि दोनों हड्डी रोग विशेषज्ञों को मनावर सिविल अस्पताल में यथावत रखा जाए, उनके पदों की निरंतरता सुनिश्चित की जाए तथा जनरल सर्जन का पद तत्काल भरा जाए, ताकि क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलती रहें। विधायक डॉ अलावा ने कहा कि अगर मरीज को सुविधा नहीं मिली और इस दौरान किसी का बड़ा नुकसान हो जाता है तो जिला स्वास्थ्य अधिकारी और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराऊंगा।

विधायक के साथ धरना प्रदर्शन में कांग्रेस के नारायण जौहरी, निरंजन डावर, हरीश खंडेलवाल, सुनील स्टार, किरण मंडलोई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे।

और पढ़ें