
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया लोकार्पण, 317.86 करोड़ की फसल बीमा राशि किसानों के खातों में अंतरित
धार। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार में 2387.60 करोड़ रुपये लागत की नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया। परियोजना से धार और झाबुआ जिले के 260 गांवों की 57,422 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी तथा करीब 72 हजार किसान लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 188 करोड़ रुपये के 35 विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया। साथ ही रबी वर्ष 2025-26 के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 16.70 लाख किसानों के खातों में 317.86 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सिंचाई का रकबा बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर करने के लक्ष्य पर काम कर रही है। नई परियोजना से किसानों को कम पानी में बेहतर सिंचाई सुविधा मिलेगी। भूमिगत पाइपलाइन के जरिए खेतों तक दबावयुक्त पानी पहुंचाया जाएगा, जिससे स्प्रिंकलर और ड्रिप पद्धति से सिंचाई की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि धार में पीएम मित्र पार्क से कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। धार को जल्द मेडिकल कॉलेज की सौगात देने की बात भी कही।

कम बारिश में परियोजना होगी महत्वपूर्ण — सावित्री ठाकुर
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि इस वर्ष कम बारिश होने के कारण सिंचाई परियोजना किसानों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री तथा जिले के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि परियोजना से हजारों किसानों को लाभ मिलेगा। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने भी इसे क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में सांसद अनीता नागर सिंह चौहान, विधायक नीना वर्मा, प्रताप ग्रेवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।









