
एडिशनल एसपी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ओर साइबर की टीम जांच में जुटी
मनावर। मनावर थाना क्षेत्र के सिंघाना चौकी अंतर्गत एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। लड़की के परिजनों की ओर से सिंघाना चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घटना को लेकर छ: जिला कुरैशी जमात की ओर से धार एडिशनल एसपी को आवेदन देकर नाबालिग को शीघ्र तलाश करने की मांग की गई है।
आवेदन के अनुसार नाबालिग लड़की 17 सितंबर 2026 की सुबह करीब 5 बजे घर से कहीं चली गई, जिसके बाद से उसका पता नहीं चल पाया है। मामले में सिंघाना चौकी पर अपराध क्रमांक 075/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत रिपोर्ट दर्ज होने का उल्लेख आवेदन में किया गया है।
जानकारी के अनुसार लड़की की अंतिम लोकेशन इंदौर के गंगवाल बस स्टैंड बताई गई है, लेकिन इसके बाद लड़की के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना को करीब 5 दिन बीत चुके हैं, बावजूद इसके नाबालिग का सुराग नहीं मिल पाया है।

मामले को लेकर समाजजनों में चिंता जताते हुए जिला कुरैशी जमात के सदर अब्दुल वाहिद कुरैशी की ओर से उप पुलिस अधीक्षक विजय डावर को आवेदन सौंपा गया। आवेदन में पुलिस अधीक्षक से मनावर थाना प्रभारी एवं सिंघाना चौकी प्रभारी को आवश्यक निर्देश देकर नाबालिग की तलाश के लिए तत्परता से कार्रवाई कराने का अनुरोध किया गया है।
परिजनों और समाजजनों ने पुलिस से मामले में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल/तकनीकी जानकारी तथा संभावित स्थानों पर तलाश सहित सभी आवश्यक जांच शीघ्र किए जाने की मांग की है।

एएसपी डावर ने गुमशुदा को जल्द ढूंढने के लिए टीम बनाई
धार जिला एडिशनल एसपी विजय डावर ने कुरैशी जमात के लोगों से मुलाकात की एवं पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल साइबर टीम और संबंधित थाना प्रभारी राजेश यादव को उचित दिशा निर्देश दिए। टेलिफोनिक रिकॉर्ड, पारिवारिक जानकारी जुटाकर तत्काल कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। टीम को मध्य प्रदेश सहित गुजरात और राजस्थान से जानकारी जुटाने की कार्यवाही करने की बात कही।








