
मनावर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद एवं दुर्गा वाहिनी की बहनों तथा कार्यकर्ताओं द्वारा मनावर पुलिस थाने पहुंचकर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस दौरान जिला दुर्गा वाहिनी संयोजिका प्रिया सोनी ने थाना प्रभारी राजेश यादव, उप निरीक्षकों एवं पुलिस जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके सेवाभाव, कर्तव्यनिष्ठा एवं समाज की सुरक्षा में योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी राजेश यादव ने रक्षाबंधन का महत्व बताते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के बीच मनाया जाने वाला पर्व नहीं है, बल्कि यह रक्षा, विश्वास, जिम्मेदारी और आपसी सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रक्षा सूत्र बांधने के पीछे एक-दूसरे की सुरक्षा, सम्मान और सुख-शांति की कामना का भाव होता है। पुलिस भी समाज की सुरक्षा और बहन-बेटियों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहती है। ऐसे आयोजनों से पुलिस और आमजन के बीच आत्मीय संबंध और विश्वास मजबूत होते हैं।
जिला दुर्गा वाहिनी संयोजिका प्रिया सोनी ने कहा कि पुलिस के जवान दिन-रात समाज की सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्य पर तत्पर रहते हैं। उनके प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं आत्मीयता प्रकट करना ही इस रक्षा सूत्र कार्यक्रम का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यह रक्षा सूत्र केवल धागा नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान, सहयोग एवं समाज-रक्षा के संकल्प का पवित्र प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने भी दुर्गा वाहिनी की बहनों के इस आत्मीय प्रयास के प्रति आभार व्यक्त किया। रक्षाबंधन के इस आयोजन ने पुलिस और समाज के बीच आपसी विश्वास, सहयोग एवं भाईचारे की भावना को और मजबूत किया।









