शांति समिति की बैठक : शाही सवारी, ईद मिलादुन्नबी से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक, मनावर में त्योहारों को लेकर मंथन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनावर। आगामी विभिन्न त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने को लेकर शुक्रवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं मीडिया कर्मी शामिल हुए।

बैठक में एसडीएम प्रमोद गुर्जर, एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीय, थाना प्रभारी राजेश यादव, सीएमओ संतोष चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष अजय पाटीदार सहित एमपीईबी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं शाही सवारी आयोजन से जुड़े शुभम पाटीदार, भागचंद पाटीदार, मुकेश मुकाती, मुस्लिम समाज के शहर काजी डॉ. जमील सिद्दीकी, अलवर पठान, मुबारिक खत्री सहित अमित शर्मा, कैलाश राठौर, सोनू पाटीदार आदि बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान नगर में यातायात, बिजली, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। नागरिकों ने सड़कों की मरम्मत, वाहन पार्किंग, बिजली के तारों को व्यवस्थित करने तथा त्योहारों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग रखी। शाही सवारी के अवसर पर मीट-मटन की दुकानों एवं शराब दुकानों को बंद रखने तथा जुलूस के दौरान डीजे पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी समिति के समक्ष रखी गई।

एसडीएम प्रमोद गुर्जर ने कहा कि त्योहारों को परंपरागत रूप से मनाया जाए। झांकियों की ऊंचाई हर वर्ष निर्धारित परंपरा के अनुरूप रखी जाए तथा अनावश्यक रूप से ऊंचाई न बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि शाही सवारी के मार्ग पर लगाए जाने वाले मंच जुलूस में बाधा उत्पन्न कर सकते हैं, इसलिए सड़कों के बीच मंच नहीं लगाए जाएं।

एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीय ने सभी समाजों के बीच आपसी तालमेल और समन्वय बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।

थाना प्रभारी राजेश यादव ने कहा कि बैठक में नागरिकों एवं समिति सदस्यों द्वारा दिए गए सभी सुझावों को लिखित रूप से दर्ज किया गया है। उन्होंने आमजन से शासन-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन त्योहारों को बेहतर ढंग से संपन्न कराने में हरसंभव सहयोग करेगा।

पार्षद सलीम खान ने नगर में खुले में संचालित हो रही मटन दुकानों पर कार्रवाई कर उन्हें व्यवस्थित कराने की मांग रखी, ताकि किसी भी समाज की भावनाएं आहत न हों। वहीं भाजपा नगर अध्यक्ष मोनू पाटीदार ने कहा कि त्योहारों से जुड़े किसी भी विषय पर प्रशासन नगर की त्योहार समितियों एवं समाज के प्रतिनिधियों से आपसी चर्चा और समन्वय के माध्यम से समाधान करे।

बैठक के अंत में प्रशासनिक अधिकारियों ने नगरवासियों से अपील की कि सभी समाज आपसी भाईचारा, सद्भाव और शांति बनाए रखते हुए त्योहार मनाएं तथा किसी भी तरह की अफवाह या विवाद से बचें।

और पढ़ें