मनावर : (शाहनवाज शेख) रविवार को सुबह 8 बजे करीब ग्रामीणों ने सिंघाना चौकी अंतर्गत ग्राम सिरसी वायडा में बिना नम्बर मोटरसाइकिल में जा रही अवैध शराब पड़कर पुलिस के सुपुर्द की, बताया गया कि इसी बात को लेकर दोपहर 2 बजे शराब ठेका प्रबंधक कमलेश राठौर एवं उसके साथ 3 अज्ञात बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की बोलेरो में 10 से 15 व्यक्ति गणपुर निवासी विनोद जायसवाल के घर उसे धमकाने पहुंचे। बताया गया कि विनोद के घर पर नहीं मिलने पर शराब कारोबारी के लोग उसके माता-पिता और भाई के साथ विवाद किया गया। घटना का पूरा मामला वीडियो में कैद हो गया।

विनोद जायसवाल ने पुलिस रिपोर्ट में बताया कि शराब ठेका प्रबंधक कमलेश राठौर के साथ 3 अज्ञात बोलेरो में अज्ञात व्यक्ति बैठ कर मेरे घर आए, मेरे नहीं होने पर मेरे परिवार को धमकाने लगे यह पूरी घटना मेरे भाई अनिल ने मोबाइल में वीडियो बनाकर कैद कर ली। ग्रामीणों की इकट्ठा होने पर शराब कारोबारी और उनके लोग वहां से निकल गए। इसी विवाद की रिपोर्ट दर्ज कराने विनोद जायसवाल और उसके माता चिंताबाई (50), पिता नरेंद्र जायसवाल (55), भाई अनिल जायसवाल (27) सहित मनावर पुलिस थाने पहुंचे यहां आकर उन्होंने थाना परिसर में सामूहिक जहर खा लिया।

पुलिस ने तत्काल थाना परिसर से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उपचार हेतु भेजा गया, जहां प्रथम उपचार के बाद ड्यूटी डॉ हिमांशु पटेल ने उन्हें बड़वानी रेफर किया। इस दौरान थाना प्रभारी ईश्वरसिंह चौहान, एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीया, पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। एसडीओपी की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। देर शाम उप पुलिस अधीक्षक विजय डावर भी मनावर पहुंचे। पूरे मामले को गंभीरता से देखा, इसके बाद शराब ठेका प्रबंधक कमलेश राठौर और अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

बिना रजिस्ट्रेशन नंबर गाड़ियों में घूम रहे पंजाबी पहलवान, थाने में जमा हो निजी जानकारी
जानकारी के अनुसार बताया गया कि मनावर में 2 बोलेरो वाहन जो कि बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के संचालित की जा रही है। उसमें शराब कारोबारी के पंजाब से आए लोग फ्लाइंग के रूप में घूमते हैं। क्षेत्रवासियों ने कहा कि अज्ञात वाहन में घूमने वाले यह लोग कौन हैं, कहां रहते हैं? इसकी सूची पूर्ण रूप से थाने में जमा की जाना चाहिए, जिसमें शराब कारोबारी के साथ काम करने वाले कुल लोगों की संख्या, उनके स्थाई पते, आधार कार्ड जैसी आवश्यक जानकारी दर्ज होना चाहिए। वरना ऐसे में कोई बड़ी वारदात करके यह लोग रातों-रात शहर से बाहर निकल सकते हैं जिसकी बाद कोई जानकारी नहीं मिलेगी।

वैधानिक कार्यवाही होगी : एडिशनल एसपी, विजय डावर
देर शाम मनावर पुलिस थाना पहुंचे एडिशनल एसपी विजय डावर ने कहा कि सुबह एक शराब का प्रकार दर्ज किया गया था, इसके बाद शराब ठेकेदार के मैनेजर कमलेश अपने साथियों के साथ विनोद घर पहुंचे, वहां कहा सुनी के बाद विनोद जायसवाल का परिवार पुलिस थाना परिसर में आया था। दोनों पक्षों को सुना जा रहा था इसी दौरान विनोद जायसवाल के परिवार ने जहर खा लिया जिनका उपचार कराया गया। मामले की जांच जारी है, जो भी तथ्य सामने आएंगे विधानी कार्रवाई की जाएगी।









