बरगी डैम क्रूज हादसा: पायलट ने खोली बड़ी पोल, 7 महीने पहले दी थी इंजन खराबी की जानकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Jabalpur Cruise Accident: पायलट बोला- “मैं यात्रियों को छोड़कर नहीं भागा, हादसे से पहले ही खराब इंजन की दी थी सूचना”
मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे को लेकर नया खुलासा सामने आया है। क्रूज के पायलट महेश पटेल ने जांच अधिकारियों के सामने बयान देते हुए दावा किया कि क्रूज के एक इंजन में लंबे समय से तकनीकी खराबी थी। उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी करीब सात महीने पहले ही प्रबंधन और मुख्यालय को दे दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई।

मैं कूदकर नहीं भागा, लोगों को बचाने की कोशिश की
महेश पटेल ने उन आरोपों को गलत बताया, जिनमें कहा गया था कि हादसे के दौरान वह क्रूज छोड़कर भाग गए थे। उनका कहना है कि हादसे के समय उन्होंने यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनने के निर्देश दिए थे। इसी दौरान तेज लहर आने से वह खुद पानी में बह गए। पायलट के मुताबिक उन्होंने कई लोगों को बचाने की कोशिश भी की।

एक इंजन की रफ्तार थी बेहद कम
पायलट ने बताया कि क्रूज का एक इंजन ठीक से काम नहीं कर रहा था। इंजन स्टार्ट तो हो जाता था, लेकिन उसकी स्पीड और पिकअप काफी कम थी। क्रूज की रफ्तार 12 से ज्यादा नहीं पहुंच पा रही थी। यही वजह थी कि अधिकतर समय क्रूज को एक ही इंजन के सहारे चलाया जाता था।

जांच में दर्ज हो रहे गवाहों के बयान
बरगी डैम हादसे की जांच के तहत प्रशासन लगातार बयान दर्ज कर रहा है। एसडीएम की मौजूदगी में एमपी टूरिज्म कर्मचारियों, बचाव दल के सदस्यों और हादसे के दौरान राहत कार्य में जुटे श्रमिकों के बयान भी लिए गए हैं।

हादसे में गई 13 लोगों की जान
30 अप्रैल को तेज आंधी और खराब मौसम के बीच बरगी डैम में क्रूज डूब गया था। इस दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत हुई, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।

हाईकोर्ट में पहुंचा मामला
इस हादसे को लेकर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में एक नई जनहित याचिका भी दायर की गई है। याचिका में केंद्र सरकार, राज्य सरकार और पर्यटन विभाग को पक्षकार बनाते हुए पूरे मामले की एसआईटी जांच कराने की मांग की गई है।

और पढ़ें