MP Weather Update: 21 जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, भोपाल-इंदौर में गर्मी से राहत नहीं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मध्य प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। शुक्रवार को ग्वालियर समेत प्रदेश के 21 जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में गर्मी का असर बरकरार रहने वाला है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय

साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन की वजह से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। गुरुवार को ग्वालियर, रीवा और शहडोल संभाग में बादलों और बारिश का असर दिखाई दिया। रीवा में तापमान गिरकर 33.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। वहीं सीहोर में धूल भरी आंधी चली और टीकमगढ़, नर्मदापुरम व श्योपुर में बारिश दर्ज की गई।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। हालांकि 10 मई के बाद एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय होने से पूरे प्रदेश में फिर से तेज गर्मी बढ़ने के आसार हैं। 10 और 11 मई को तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है।

इन 21 जिलों में अलर्ट

मौसम केंद्र भोपाल ने ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।

भोपाल-इंदौर में गर्मी बरकरार

प्रदेश के कई बड़े शहरों में गर्मी का असर अभी भी कम नहीं हुआ है। गुरुवार को भोपाल का तापमान 39.3 डिग्री, इंदौर का 39.9 डिग्री, जबलपुर का 40.1 डिग्री और उज्जैन का 41 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी इन शहरों में तेज गर्मी और लू जैसी स्थिति बने रहने की संभावना जताई है।

प्रशासन ने किसानों और आम लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। आंधी-बारिश के दौरान बिजली गिरने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

और पढ़ें