
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, रात तक जारी रहेगी जांच
इंदौर (मप्र.) : स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। शहर की सभी मदिरा दुकानों पर साफ-सफाई की जांच की जा रही है तथा गंदगी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमों ने कल्याण मिल, मालवा मिल, गंगानगर, 140 नंबर, भमोरी, एमआर-11, कनड़िया, राजमोहल्ला, पलासिया, एमआर-10, परदेशीपुरा, राजेंद्र नगर और सब्जी मंडी सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थित मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकानों के आसपास गंदगी पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर अवैध रूप से संचालित ढाबों को बंद कराकर सील किया गया।

बताया गया कि मदिरापान से संबंधित प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं। विशेष रूप से कल्याण मिल क्षेत्र में स्थित मदिरा दुकान के आसपास संचालित ढाबों पर व्यापक कार्रवाई की गई।
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार सभी मदिरा दुकानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखना अनिवार्य किया गया है। स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि गंदगी मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। आबकारी विभाग द्वारा शहरभर में यह अभियान देर रात तक जारी रहेगा। सभी क्षेत्रों में मदिरा दुकानों के आसपास सफाई सुनिश्चित कराई जा रही है तथा अवैध ढाबों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इंदौर में कलेक्टर के निर्देशन पर आबकारी विभाग में सघन अभियान चलाया, ऐसे ही मनावर आबकारी विभाग द्वारा मनावर में अभियान चलाने की आवश्यकता है। तभी अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाई जा सकेगी।









