इंदौर से कांग्रेस पार्टी के लिए दुखद खबर सामने आई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अश्विनी जोशी का शुक्रवार को निधन हो गया। वे 66 वर्ष के थे और पिछले काफी समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया।
बताया जा रहा है कि अश्विनी जोशी को लंबे समय से सांस लेने में परेशानी और पैरों से जुड़ी बीमारी थी, जिसके चलते उनका इलाज जारी था। शुक्रवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आया। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें तुरंत इंदौर के शेल्बी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज की पूरी कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
परिवार की ओर से जानकारी दी गई है कि उनका बेटा विदेश में है। उसके इंदौर पहुंचने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अश्विनी जोशी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री महेश जोशी के भतीजे थे। इंदौर की राजनीति में जोशी परिवार का लंबे समय से प्रभाव रहा है। अश्विनी जोशी ने विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 से तीन बार विधायक के रूप में जनता का प्रतिनिधित्व किया। वे आम लोगों के बीच सक्रिय रहने और उनकी समस्याओं को लेकर आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे।
उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। छात्र संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए उन्होंने धीरे-धीरे कांग्रेस में मजबूत पहचान बनाई और बाद में मुख्य राजनीति में अहम स्थान हासिल किया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के करीबी नेताओं में उनकी गिनती होती थी। राजनीतिक गलियारों में उन्हें दिग्विजय सरकार के दौरान “शैडो सीएम” के नाम से भी जाना जाता था।
उनके निधन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा दुख है। शहर के कई राजनीतिक और सामाजिक लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।








