भीषण गर्मी में कृषकों और मजदूरों के लिए पानी उपलब्ध नहीं, मंडी प्रशासन की चुप्पी समझ से परे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

3 वर्षों से पानी की टंकी फूटी हुई, नल की टोटियां गायब, गेट भी टूटा, सीसीटीवी कैमरे भी नहीं, कृषक केंटिंग बंद

मनावर : (शाहनवाज शेख) सुनने में अजीब लगता है लेकिन इस तकनीकी दौर में मनावर से 3 किलोमीटर दूर सेमल्दा मार्ग स्थित कृषि उपज मिर्च मंडी में शनिवार दोपहर मजदूरों ने पानी की गंभीर समस्या को लेकर करीब आधे घंटे काम बंद कर हंगामा किया था मंडी में पिछले तीन साल से पीने के पानी की टंकी बंद पड़ी है, जिससे किसान, व्यापारी और मजदूर परेशान हैं। मजदूरों और व्यापारियों ने बताया कि मंडी में दो बड़ी सीमेंट की पानी की टंकियां जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं और बोरिंग की मोटर भी जली हुई है, कनेक्शन टूटा हुआ है मंडी में पानी की कोई उचित स्थायी व्यवस्था नहीं है। किसान और मजदूर आसपास की दुकानों या खेतों के कुओं से पानी पीने को मजबूर हैं। बताया गया कि यह स्थिति 3 वर्षों से बनी हुई है। इसके अतिरिक्त कृषक विश्रामगृह की स्थिति भी दयनीय है और कृषक भोजन व्यवस्था भी शून्य है।

मिर्च व्यापारियों के अनुसार, वे मंडी को हर महीने लगभग लाखों रुपए का मंडी टैक्स चुकाते हैं, लेकिन सुविधाओं के नाम पर कुछ भी उपलब्ध नहीं है। मंडी में मिर्च के कई लाइसेंसधारी व्यापारी कार्यरत हैं। मंडी प्रबंधन के किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने आज तक इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया है। जानकारी के अनुसार, शहर से दूर होने के कारण इस मंडी को लावारिस छोड़ दिया गया है। शिकायत दर्ज कराने के लिए भी मंडी कार्यालय में अधिकारियों को खोजना पड़ता है। पानी की टंकियां फूटी होने के साथ-साथ नल की टोटियां भी गायब हैं।

मंडी का गेट, ओर सीसीटीवी कैमरे तक नहीं

आपको बता दे की मिर्ची मंडी का मुख्य द्वार का गेट भी टूटा हुआ है साथ ही सीसीटीवी कैमरे के बोर्ड तो लगा दिए गए हैं लेकिन कैमरे उपलब्ध नहीं है। मनावर में दो मंडियां होने के कारण शहर से बाहर वाली इस मंडी पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।

किसान नेता सुरेश पाटीदार (गढ़ीवाले) ने बताया

मंडी की अव्यवस्थाओं को लेकर सुरेश पाटीदार (गढ़ीवाले) ने कहा कि आगामी दिनों में गेहूं की ऊपज आने वाली है जो बड़ी तादाद में आती है ऐसे अवसर पर मंडी में कृषक एवं मजदूरों के लिए पानी की व्यवस्था, कृषकों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था अत्यंत जरूरी है। लेकिन वर्तमान में यह सुविधा ठप पड़ी हुई है। मंडी प्रशासन ने इन सभी मुद्दों को जल्द से जल्द हल करना चाहिए अन्यथा किसानों के साथ आगामी दिनों में आंदोलन किया जाएगा।

नई मोटर की व्यवस्था करेंगे

मनावर मंडी सचिव बीएस डावर से चर्चा करने पर पहले तो आनाकानी करते नजर आए, मीडिया कर्मी के सवाल पूछने पर उन्होंने कहा कि यह प्रशानिक व्यवस्था है, जल्द ठीक हो जाएगी। वहीं बोरिंग में नई मोटर डालने की व्यवस्था की जा रही है। ओर टंकी की मरम्मत के लिए विज्ञप्ति जारी की जाकर जल्द कार्य शुरू किए जाएंगे।

और पढ़ें