कहा- केंद्र की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ युवाओं से संवाद बढ़ाएं कार्यकर्ता
दुर्ग। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री तथा धार लोकसभा सांसद सावित्री ठाकुर शनिवार को छत्तीसगढ़ के दुर्ग प्रवास पर रहीं। इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। सावित्री ठाकुर ने स्वागत-सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का स्नेह और विश्वास संगठन की ताकत है।
दुर्ग प्रवास के दौरान भाजपा संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों और आगामी कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई। सावित्री ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी कार्यकर्ताओं के साथ साझा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार युवाओं को सही दिशा और अवसर उपलब्ध कराने पर जोर देते हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को युवाओं के बीच जाकर संवाद करना चाहिए और उन्हें केंद्र सरकार की योजनाओं, अवसरों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देना चाहिए। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों को बूथ एवं जमीनी स्तर तक मजबूत करने को लेकर भी कार्यकर्ताओं से चर्चा की।
इस अवसर पर दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, भिलाई भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण वर्मा, मंत्री पारस जघेल, तेखन सिन्हा, मुकेश बेलचंदन, मदन वडाई, नीरज पाण्डेय, मनोज तिवारी, मदन सेन एवं नरेश यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
लगातार देशभर में संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सावित्री ठाकुर
धार लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने जाने के बाद सावित्री ठाकुर को केंद्र सरकार में महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री की जिम्मेदारी मिली। केंद्रीय दायित्व संभालने के साथ ही वह विभिन्न राज्यों में होने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों और पार्टी की गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से सहभागिता करती रही हैं।
सावित्री ठाकुर विभिन्न राज्यों के प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद कर केंद्र सरकार की योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को आमजन तक पहुंचाने पर जोर देती हैं। इसके साथ ही उन्हें देश के बाहर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर भी मिला है। केंद्रीय मंत्री के रूप में उनके लगातार विभिन्न राज्यों के प्रवास से संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका सामने आती रही है।








