
मनावर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबोचा, आरोपी पर 10 प्रकरण दर्ज
मनावर। मनावर पुलिस ने करीब दो वर्ष पुराने लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलाब पिता किशन मेडा (35), निवासी ग्राम मोहनपुरा, चौकी उमरबन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2023 में मनावर थाना क्षेत्र के भरडपुर से हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में भी फरार था। आरोपी के खिलाफ मनावर थाने के तीन तथा गंधवानी थाने का एक स्थायी वारंट भी लंबित था।
पुलिस के मुताबिक 29 जनवरी 2024 की रात फरियादी गंगाराम पिता जुवानसिंह मुवेल निवासी ग्राम आमसी, चौकी उमरबन, तिरला से उमरबन की ओर आ रहा था। इसी दौरान दातिया घाटी, ग्राम कुआं के पास चार बदमाशों ने उसकी मोटरसाइकिल रोककर फालिया अड़ाया और मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा चांदी का सामान छीनकर फरार हो गए थे। मामले में थाना मनावर पर अपराध क्रमांक 123/2022, धारा 392 भादवि एवं 25(बी) आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद से गुलाब मेडा फरार चल रहा था। इसके अलावा वर्ष 2023 में भरडपुर से चोरी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली के संबंध में थाना मनावर में अपराध क्रमांक 1154/2023, धारा 379, 201 भादवि के तहत दर्ज मामले में भी आरोपी फरार था।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धार विजय डावर एवं एसडीओपी मनावर दीपांशु के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश यादव ने टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गुलाब मेडा ग्राम हैदरी के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने दातिया घाटी में हुई लूट तथा वर्ष 2023 में मनावर क्षेत्र से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में कुल 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव, उमरबन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रकाश अलावा, प्रधान आरक्षक राजेश सोलंकी, प्रधान आरक्षक जीतेन्द्र मांडवी एवं आरक्षक गंगाराम बघेल का विशेष योगदान रहा।








