मध्यप्रदेश में ठंड का कहर: घने कोहरे का डबल अटैक, 22 जिलों में अलर्ट, विजिबिलिटी 50 मीटर तक गिरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। प्रदेश के 22 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन इलाकों में दृश्यता घटकर 50 मीटर तक रहने की संभावना है। भोपाल, विदिशा, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, उमरिया, शहडोल और सिंगरौली में येलो अलर्ट है, जहां 1 से 2 किलोमीटर तक ही विजिबिलिटी रहने का अनुमान है। कई शहरों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।

सोमवार को सुबह से ही कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। रीवा में सबसे ज्यादा असर देखा गया, जहां 50 मीटर आगे देख पाना मुश्किल हो गया। खजुराहो में दृश्यता 50 से 200 मीटर, भोपाल, ग्वालियर, दतिया और सीधी में 500 से 1000 मीटर रही। इंदौर, नर्मदापुरम, सागर, रतलाम और मंडला में 1 से 2 हजार मीटर तक दृश्यता दर्ज की गई। तापमान में भी तेज गिरावट आई है। भोपाल में 5.8 डिग्री, इंदौर में 6.6, ग्वालियर में 9.1, उज्जैन में 9.3 और जबलपुर में 9.4 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा, जबकि पचमढ़ी और राजगढ़ सबसे ठंडे रहे, जहां पारा 5.4 डिग्री तक गिर गया।

मौसम विभाग के अनुसार 17 दिसंबर की रात से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। जेट स्ट्रीम की रफ्तार 222 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई है, जिससे सर्दी का असर और तेज हो रहा है। कोहरे के चलते वाहन चालकों को सतर्क रहने, फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है।

और पढ़ें