खंडवा में दर्दनाक हादसा: गांव के तीन घरों में भीषण आग, सो रहे किसान की जिंदा जलकर मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के नर्मदानगर थाना क्षेत्र के ग्राम सक्तापुर में मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते गांव के तीन कच्चे मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में घर के अंदर अकेले सो रहे 50 वर्षीय किसान सूरज राठौर की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। वहीं, अन्य दो मकानों में रह रहे परिजनों को ग्रामीणों ने समय रहते बाहर निकालकर उनकी जान बचा ली।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, तहसीलदार और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। आग पर काबू पाने के लिए मूंदी, पुनासा, ओंकारेश्वर और संत सिंगाजी थर्मल पावर प्लांट से कुल छह दमकल वाहनों को बुलाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। इस दौरान तीनों घरों में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर और घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

ग्राम सरपंच सुनील राठौर ने बताया कि आग तेली राठौर समाज के तीन मकानों में लगी थी। दो घरों के लोगों को तो जगा लिया गया, लेकिन तीसरे घर में अकेले सो रहे सूरज राठौर पर किसी का ध्यान नहीं जा सका। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कुछ दमकल वाहनों में पाइप और मोटर पंप नहीं थे, जिससे आग बुझाने में दिक्कत आई और ग्राम पंचायत के टैंकरों व बाल्टियों से पानी भरकर आग पर काबू पाया गया।

और पढ़ें