मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दो दिवसीय खजुराहो प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार को कन्वेंशन सेंटर में मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक से पहले वे महाराजा कन्वेंशन सेंटर में महाराजा छत्रसाल और सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री राजनगर विधानसभा के सती की मढ़िया में आयोजित महिला सम्मेलन में शामिल होंगे, जहां वे लाड़ली बहना योजना की एक करोड़ 26 लाख से अधिक बहनों के खातों में लगभग 1857 करोड़ 62 लाख रुपये अंतरित करेंगे। इसी कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा।
आज जारी होगी 31वीं किश्त
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू लाड़ली बहना योजना में प्रारंभ में 1000 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जाती थी, जिसे अक्टूबर 2023 में बढ़ाकर 1250 रुपये और नवंबर 2025 से 1500 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाओं को 900 रुपये प्रतिमाह सहायता दी जा रही है। इसके अलावा अगस्त 2023, अगस्त 2024 और अगस्त 2025 में 250-250 रुपये की विशेष सहायता राशि भी प्रदान की गई है।
जून 2023 से नवंबर 2025 तक 30 नियमित किस्तें जारी हो चुकी हैं और दिसंबर 2025 में 31वीं किस्त का डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है, जिससे लाभार्थियों के आधार-सक्रिय खातों में धनराशि सुरक्षित व सीधे पहुंच सके।









