रिसॉर्ट में डिनर के बाद चार कर्मचारियों की मौत, फूड पॉइजनिंग की आशंका; पांच की हालत गंभीर, ग्वालियर रेफर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

छतरपुर के खजुराहो में गौतम रिसॉर्ट में भोजन करने के बाद सोमवार शाम 9 कर्मचारियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसमें इलाज के दौरान 4 कर्मचारियों की मौत हो गई। बाकी 5 कर्मचारियों को गंभीर हालत में ग्वालियर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी में उल्टी, चक्कर और बेचैनी जैसे फूड पॉइजनिंग के लक्षण पाए गए।

जानकारी के अनुसार, कर्मचारियों ने शाम करीब 5 बजे नियमित भोजन किया था, जिसमें आलू-गोभी की सब्जी भी शामिल थी। खाना खाने के कुछ ही समय बाद हार्दिक सोनी (20), प्रागीलाल कुशवाहा (54), गोलू अग्निहोत्री (25), बिहारी लाल पटेल (60), रामस्वरूप कुशवाहा (47), रवि कौदर (19), दयाराम कुशवाहा (65), रोशनी रजक (30) और गिरजा रजक (35) की तबीयत अचानक खराब होने लगी। सभी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां से देर रात उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन परिजन उन्हें ग्वालियर ले गए।

जिला अस्पताल के डॉ. रोशन द्विवेदी के अनुसार, सभी मरीजों में फूड पॉइजनिंग के स्पष्ट लक्षण मिले थे। देर रात उनकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें रेफर करना पड़ा।

खाने के सैंपल जब्त, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम रिसॉर्ट पहुंची और रसोई से भोजन, पानी और किचन की साफ-सफाई से जुड़े सभी सैंपल जब्त किए। स्टाफ से पूछताछ जारी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा।
प्रशासन ने रिसॉर्ट प्रबंधन को किचन की स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं।

और पढ़ें