इंटरनेशनल चीता डे पर कूनो में नई शुरुआत: CM मोहन यादव आज तीन चीतों को देंगे जंगल की आज़ादी, पार्क में संख्या पहुँची 29

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

इंटरनेशनल चीता डे के अवसर पर आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कूनो नेशनल पार्क में तीन चीतों को खुले जंगल में छोड़ेंगे। इस बड़े कार्यक्रम से पहले श्योपुर और शिवपुरी जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा की। कलेक्टर, एसपी और वन विभाग की टीम ने अहेरा गेट, हेलीपैड और रिलीज प्वाइंट सहित पूरे मार्ग का निरीक्षण कर सभी तैयारियां पुख्ता कीं।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री आज दोपहर करीब 2:30 बजे श्योपुर पहुंचेंगे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल और पर्यावरणीय नियमों के पालन के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। शिवपुरी और श्योपुर के अधिकारियों ने अस्थायी हेलीपैड और आसपास की व्यवस्था भी परखी।

कूनो पार्क में इस समय कुल 29 चीते मौजूद हैं, जिनमें से 16 पहले से फ्री-रेंज क्षेत्र में स्वतंत्र रूप से घूम रहे हैं। एनक्लोजर में रखे चीतों में से तीन — मादा चीता वीरा और उसके दो 10 महीने के शावक — को आज खुले जंगल में छोड़ा जाएगा। इस रिलीज का उद्देश्य चीतों को प्राकृतिक वातावरण के अनुरूप बनाना और प्राकृतिक शिकार पर उनकी निर्भरता बढ़ाना है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री कूनो नेशनल पार्क का 2026 कैलेंडर भी जारी करेंगे। साथ ही “फ्री-रेंजिंग चीतों के क्लिनिकल मैनेजमेंट के लिए फील्ड मैनुअल” का विमोचन किया जाएगा। पार्क में नव-निर्मित सुविनियर शॉप का उद्घाटन भी कार्यक्रम का हिस्सा होगा, जिससे पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने और वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

और पढ़ें