दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 से ठीक पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक दिनेश मोहनिया के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने एक महिला को अनुचित इशारे किए। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने महिला की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है। हालांकि, अब तक विधायक की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
चुनाव से पहले दर्ज हुआ मामला
दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर मतदान से ठीक पहले संगम विहार से विधायक दिनेश मोहनिया के खिलाफ यह मामला दर्ज हुआ है। संगम विहार दक्षिण दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है और मोहनिया यहां से AAP के टिकट पर लगातार तीन बार चुनाव जीत चुके हैं। इस बार भी पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है, जबकि बीजेपी और कांग्रेस ने अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।
पहले भी लग चुके हैं आरोप
यह पहली बार नहीं है जब दिनेश मोहनिया पर इस तरह के आरोप लगे हैं। 2016 में भी उन पर महिलाओं के एक समूह के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा था, जब वे अपने इलाके में पानी की समस्या को लेकर उनसे मिलने आई थीं। उस समय विधायक को भारतीय दंड संहिता (IPC) की कई धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया था, लेकिन 2020 में उन्हें इस मामले में बरी कर दिया गया था।इस नए मामले के चलते चुनावी माहौल और गर्म हो गया है। अब देखना होगा कि इस विवाद का असर आगामी चुनाव पर पड़ता है या नहीं।
