मनावर के समीप ग्राम कवठी में चोरी की बड़ी वारदात : पीड़ित ने बताया,- करीब 32 तोला सोना, 2 किलो चांदी और 3 लाख रुपए नगदी ले उड़े चोर? जांच में जुटी पुलिस।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनावर : (मप्र.) मनावर तहसील के ग्राम कवठी पुनर्वास में जानकारी के अनुसार बीती रात 3:30 बजे करीब चार चोरों ने एक किसान के घर धावा बोल दिया। पीड़ित किसान दीपक पिता शोमाजी पाटीदार (45) ने बताया कि करीब 30-35 तोला सोना, ढाई किलो चांदी और करीब 3-3.5 लाख रुपए नगद चोरी हो गए। पीड़ित ने बताया कि हम पास के कमरे में ही सो रहे थे, इसी दौरान रात के अंधेरे में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

चोरी की वारदात होने के बाद आज सुबह मौके पर मनावर पुलिस के साथ धार मुख्यालय की टेक्निकल डॉग स्कार्ट, फिंगर प्रिंट की टीम ने मौका मुआयना किया। चोरी की वारदात के बाद ग्राम कवठी में भय का माहौल है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि चार हथियारबन चोर घर के मुख्य द्वार से अंदर घुसे एवं खिड़की की जाली तोड़कर कमरे के अंदर दाखिल हुए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी और तिजोरी को तोड़कर नगदी, सोने व चांदी पर हाथ साफ किए। साथ ही उन्होंने बाड़े में खड़ी मोटरसाइकिल का लॉक तोड़ने की कोशिश की लेकिन वह इसे ले जाने में असफल रहे।

चोरी की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है वही भय का वातावरण बना हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस से अनुरोध किया है कि गांव में हुई इस चोरी के वारदात का जल्द से जल्द खुलासा करें ताकि चोरी की गई सामग्री परिवार को मिल सके। किसान दीपक पाटीदार ने बताया कि हमारे जीवन भर की पूंजी चोरी हो गई, इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है।

मौके पर उपस्थित चौकी प्रभारी सुशील यदुवंशी ने बताया कि मौके का पंचनामा बना लिया गया है प्रकरण को विवेचना में लेकर जांच जारी है। उन्होंने बताया कि हम हर एंगल से चोरी की वारदात का खुलासा करने के लिए प्रयासरत है। बताया कि सीसीटीवी कैमरे में दिख रहे चार व्यक्तियों के स्केच बनाकर पहचान की जा रही है। रात को सक्रिय नेटवर्क कनेक्शन को भी देखा जा रहा है।

और पढ़ें