जनगणना 2027: जनगणना निदेशालय द्वारा मकानसूचीकरण कार्य की तैयारियों की समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धार, मप्र – जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश के निदेशक द्वारा आज जनगणना 2027 के प्रथम चरण—मकानसूचीकरण (Houselisting) से संबंधित महत्वपूर्ण पूर्व तैयारियों की समीक्षा हेतु एक वीडियो कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस बैठक में मकानसूचीकरण ब्लॉक (HLB) के सटीक सीमांकन पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया गया कि HLBC पोर्टल पर किसी भी प्रकार का ओवरलैपिंग या क्षेत्र का छूटना (Omission) नहीं होना चाहिए और प्रत्येक राजस्व ग्राम, चाहे वह शून्य जनसंख्या वाला ही क्यों न हो, उसमें कम से कम एक HLB का गठन अनिवार्य है। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि HLB की सीमाएँ किसी भी स्थिति में तहसील, वार्ड या ग्राम पंचायत की सीमाओं को पार न करें और विसंगति होने पर वास्तविक भौगोलिक स्थिति को ही आधार माना जाए।

क्षेत्रीय कार्य के सुचारू संचालन के लिए सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से पूर्ण करने और उन्हें पावती सहित नियुक्ति पत्र एवं आईडी कार्ड वितरित करने के निर्देश दिए गए। प्रगणकों को 1 से 3 मई के बीच अपने क्षेत्रों में भवन नंबरिंग और लेआउट मैप का रफ ड्राफ्ट तैयार करने को कहा गया है, जबकि डिजिटल डेटा संकलन हेतु उपयोग किए जाने वाले ‘HLO मोबाइल ऐप’ को 01 मई 2026 से पहले डाउनलोड न करने की सलाह दी गई है। जनगणना के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी और नगरीय क्षेत्रों में कचरा संग्रहण वाहनों का उपयोग किया जाएगा। साथ ही, सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों की निगरानी और दुर्गम क्षेत्रों के कार्यों को आधिकारिक हैंडल (@CensusMP2027) पर साझा करने के निर्देश दिए गए हैं।

निदेशालय ने फील्ड कार्य को पूर्ण करने के लिए एक निश्चित समय-सारणी निर्धारित की है, जिसके तहत 04 मई 2026 से कार्य अनिवार्य रूप से प्रारंभ होगा और 20 मई 2026 तक शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। डेटा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला और चार्ज कार्यालयों में 1 से 30 मई तक कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को ऐप लॉगिन या पासवर्ड संबंधी तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए चार्ज स्तर पर तकनीकी सहायकों और मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) की मदद लेने के लिए निर्देशित किया गया है।

इस दौरान जिले से जिला जनगणना अधिकारी श्री संजीव केशव पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें