गांजे की खेती पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, 67 क्विंटल फसल जब्त; उप पुलिस अधीक्षक विजय डावर ने प्रेस कांफ्रेंस में दी जानकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

4390 हरे पौधे उखाड़े, वजन 67.29 क्विंटल; चार आरोपी हिरासत में, 36 घंटे तक चली कार्रवाई

मनावर। धार जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत मनावर पुलिस ने अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। उमरबन चौकी क्षेत्र के ग्राम बड़िया में पुलिस ने कपास, मक्का और तुअर की फसलों के बीच छिपाकर की जा रही गांजे की अवैध खेती का खुलासा किया। तीन अलग-अलग खेतों में दबिश देकर पुलिस ने गांजे के कुल 4390 हरे पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 67.29 क्विंटल और अनुमानित कीमत करीब 25 करोड़ रुपए बताई गई है। मामले में चार आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को ग्राम बड़िया (उमरबन) के पहाड़ी, तलहटी और दुर्गम इलाकों में अवैध गांजे की खेती होने की सूचना मिली थी। सूचना पर उमरबन, सिंघाना, बाकानेर चौकी सहित मनावर और धरमपुरी थाना तथा धार पुलिस लाइन की संयुक्त टीमें गठित की गईं। पुलिस ने लगातार करीब 36 घंटे तक कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों से गांजे के पौधे बरामद किए।

तीन खेतों में मिली गांजे की फसल

पुलिस कार्रवाई में पहला मामला बाकानेर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज पाटीदार की टीम ने दर्ज किया। दिनेश पिता कुंवरसिंह निवासी बड़िया पटेलपुरा के तुअर और कपास के खेत से गांजे के 1000 पौधे, वजन 12.97 क्विंटल जब्त किए गए।

दूसरी कार्रवाई सहायक उपनिरीक्षक नवीन जोशी की टीम ने की। अनिल पिता गुलाब मंडलोई (30) के कपास के खेत से 280 पौधे, वजन 1.78 क्विंटल बरामद किए गए।

सबसे बड़ी कार्रवाई सिंघाना चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनुप बघेल की टीम ने की। यहां कपास, तुअर और मक्का की फसल के बीच से गांजे के 3110 पौधे, वजन 52.35 क्विंटल जब्त किए गए।

तीन प्रकरण दर्ज, चार आरोपी हिरासत में

पुलिस ने तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं। पुलिस अभिरक्षा में लिए गए आरोपियों में अनिल पिता गुलाब मंडलोई, मालसिंह उर्फ हरेसिंह पिता लालसिंह मोर्य, सखाराम पिता सुखलाल मोर्य और गुलसिंह पिता भलसिंह मंडलोई शामिल हैं। सभी ग्राम बड़िया पटेलपुरा के निवासी बताए गए हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देशन तथा इंदौर जोन ग्रामीण के पुलिस महानिरीक्षक अनुराग, पुलिस उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह और धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में एसडीओपी मनावर प्रदीप वाल्टर, डीएसपी रामसिंह राठौर, थाना प्रभारी मनावर राजेश यादव, थाना प्रभारी धरमपुरी सरदारसिंह सोलंकी सहित विभिन्न चौकियों के अधिकारियों और पुलिस जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और पढ़ें