महाकाल भक्तों को गर्मी से राहत: उज्जैन मंदिर में बन रहा हीट प्रूफ पाथ-वे, नंगे पैर आसान होंगे दर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भीषण गर्मी के बीच बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को अब राहत मिलने वाली है। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महाकाल लोक में विशेष हीट प्रूफ पाथ-वे तैयार करना शुरू कर दिया है, ताकि तपती धूप में भी भक्त बिना परेशानी के दर्शन कर सकें।

उज्जैन में इन दिनों तापमान 43 डिग्री तक पहुंच रहा है, लेकिन इसके बावजूद रोजाना एक लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बढ़ती गर्मी को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने दर्शन मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए कई अहम व्यवस्थाएं शुरू की हैं। महाकाल लोक में फैब्रिकेशन शेड लगाए जा रहे हैं और पूरे रास्ते को हीट प्रूफ बनाने का काम तेजी से चल रहा है।

मंदिर समिति के अनुसार करीब 13 हजार स्क्वायर फीट क्षेत्र में सोलर रिफ्लेक्टिव पेंट से हीट प्रूफ पाथ-वे तैयार किया जा रहा है। यह विशेष मार्ग नीलकंठ से पंचमुखी हनुमान, मानसरोवर होते हुए शंख द्वार और बड़े गणेश मंदिर तक बनाया जा रहा है। इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं के पैर गर्म जमीन पर नहीं जलेंगे और वे आराम से दर्शन मार्ग पर चल सकेंगे।

मंदिर प्रशासन पहले ही ठंडे पानी, मेटिंग, कूलर और स्प्रिंकलर जैसी सुविधाएं शुरू कर चुका है। सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया ने बताया कि कलेक्टर एवं मंदिर समिति अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह और प्रशासक प्रथम कौशिक के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

महाकाल लोक में बन रहे इस आधुनिक हीट प्रूफ पाथ-वे से अब न केवल गर्मी बल्कि धूप और बारिश के दौरान भी श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी और बाबा महाकाल के दर्शन पहले से अधिक सहज और सुरक्षित हो सकेंगे।

और पढ़ें