
मनावर/धार। पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा ने रविवार को थाना मनावर अंतर्गत उमरबन चौकी क्षेत्र के ग्राम खेरवा का भ्रमण कर ग्रामीणों के साथ जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से अपराध नियंत्रण में पुलिस का सहयोग करने, बच्चों की बेहतर शिक्षा पर ध्यान देने तथा गांव के समग्र विकास के लिए मिलकर प्रयास करने की अपील की।
जनसंवाद में ग्राम सरपंच प्रदीप, मुस्लिम समाज के प्रमुखजन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। चर्चा के दौरान मुस्लिम समाज के एक युवक ने एसपी से आग्रह किया कि चोरी जैसे अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, लेकिन निर्दोष और आम लोगों को अनावश्यक परेशान न किया जाए।
ग्रामीणों ने गांव की जर्जर सड़क, बारिश में जलभराव के कारण आवागमन बाधित होने, पेयजल संकट तथा स्कूल में शिक्षकों की कमी जैसी समस्याओं से भी पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया।
एसपी सचिन शर्मा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि खेरवा गांव कुछ असामाजिक तत्वों की वजह से बदनाम हुआ है। ऐसे लोगों को समाज में हतोत्साहित करें और उनकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पुलिस हमेशा विधिसम्मत एवं निष्पक्ष कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किया जाएगा।

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा और संस्कारों पर विशेष ध्यान देने का आग्रह करते हुए कहा कि गांव से डॉक्टर, इंजीनियर, खिलाड़ी और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट युवा निकलें, जो देश और समाज की सेवा कर खेरवा की नई पहचान बनाएं। साथ ही ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।
जनसंवाद कार्यक्रम में एसडीओपी बृजेश मालवीय, थाना प्रभारी राजेश यादव, उमरबन चौकी प्रभारी अश्विन चौहान, बकानेर चौकी प्रभारी प्रशांत पाल सहित पुलिस विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।









