अजमेर दरगाह गेट पर आग लगने से अफरा तफरी: त्वरित प्रयासों से आग पर काबू पाया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अजमेर : अजमेर शरीफ दरगाह के गेट नंबर 4 पर शनिवार रात अचानक आग लगने से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों की सूझबूझ और त्वरित प्रयासों से आग को समय रहते काबू में कर लिया गया, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना से बचाव हो गया।

जानकारी के अनुसार, दरगाह परिसर की छत पर ट्रांसफार्मर के लिए बिछाई गई बिजली की केबल में रात करीब 10:30 बजे अचानक चिंगारियां उठने लगीं। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और दूर से दिखाई देने लगीं, जिससे वहां मौजूद जायरीन और स्थानीय लोगों में घबराहट फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाल ही में हुई बारिश के कारण वायरिंग में नमी आ गई थी। इसी वजह से शॉर्ट सर्किट हुआ और तेज आवाज के साथ तारों में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में स्थिति गंभीर होती दिखी, लेकिन समय रहते लोगों ने सक्रियता दिखाई।

अंजुमन कमेटी के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और खादिमों ने तुरंत फायर सेफ्टी सिलेंडर और रेत-बजरी का उपयोग कर आग को फैलने से रोक दिया। करीब कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही बिजली आपूर्ति से जुड़ी कंपनी टाटा पॉवर के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर बिजली व्यवस्था की जांच की और आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू किया। आग पर काबू पाने के बाद इलाके में स्थिति सामान्य हो गई और सभी ने राहत की सांस ली।

3 दिन पहले परिवार के साथ दरगाह पहुंचे थे चिराग पासवान

अपने पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए चिराग पासवान परिवार सहित अजमेर शरीफ की दरगाह और पुष्कर दर्शन करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा था की अजमेर शरीफ दरगाह में पापा भी अक्सर हाजिरी लगाया करते थे , मैंने भी सपरिवार हाज़िरी लगाई और ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती (गरीब नवाज़) की पाक बारगाह में चादर पेश कर शुक्रिया अदा किया।

और पढ़ें