
उमंग सिंघार बोले—देश और प्रदेश में जनता बदलाव मांग रही है, गड़बड़ी करने वालों पर कार्रवाई करेंगे
धार। जिला कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को आयोजित ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ कार्यक्रम में मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मताधिकार की सुरक्षा, मतदाता सूची में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने जैसे मुद्दों पर जोर दिया गया।
कांग्रेस इस अभियान के माध्यम से मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और मतदाताओं के नाम हटाए जाने की आशंकाओं को लेकर सवाल उठा रही है। पार्टी का कहना है कि मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए तथा मताधिकार से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।
भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर निशाना
कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि देश में चारों तरफ भ्रष्टाचार उजागर हो रहा है और प्रदेश तथा देश की जनता बदलाव मांग रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को लगातार आगे बढ़ाएगी। सिंघार ने दावा किया कि जल्द ही प्रदेश और देश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और इसके बाद गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कई वरिष्ठ नेता और विधायक रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) सदस्य मोहम्मद आरिफ नसीम खान, सह-पर्यवेक्षक रवि जोशी, विधायक भंवर सिंह शेखावत, प्रताप ग्रेवाल और सुरेंद्र हनी बघेल, धार जिला प्रभारी रघु परमार, पूर्व विधायक पांचीलाल मेढ़ा तथा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने अभियान के माध्यम से मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को आगे बढ़ाने की बात कही।








