
4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के निर्देश
धार। फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई तथा मतदान केंद्रों के युक्तिकरण और मतदाता सूची में आवश्यक संशोधनों पर चर्चा की गई।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह पुनरीक्षण 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर किया जाएगा। बैठक में सरदारपुर, मनावर, धरमपुरी और धार विधानसभा क्षेत्रों से प्राप्त मतदान केंद्रों के भवन परिवर्तन, नाम संशोधन, युक्तिकरण और नए प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।
यह रहेगा पुनरीक्षण कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों का युक्तिकरण 2 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा। एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर
कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने संबंधित अधिकारियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और आवश्यक कार्यवाही समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर आशा परमार, निर्वाचन सुपरवाइजर, मास्टर ट्रेनर, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








