रतलाम में विधवा महिला से पूजा-पाठ और समस्याओं का समाधान करने का भरोसा देकर लाखों की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। सात माह से फरार चल रहा आरोपी तरुण कुमार कोरी ऑनलाइन ज्योतिषाचार्य बनकर महिला से 4 लाख 60 हजार रुपए ले चुका था। शंका होने पर महिला ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सायबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन गाजियाबाद में ट्रेस की गई।
पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय पीड़िता की आरोपी से पहचान ऑनलाइन माध्यम से हुई थी। खुद को ज्योतिषाचार्य बताकर आरोपी ने महिला की मानसिक परेशानियों का समाधान करने का दावा किया। पूजा-पाठ के नाम पर अलग-अलग मोबाइल नंबरों और क्यूआर कोड के जरिए महिला से अगस्त से सितंबर 2024 के बीच कई किश्तों में रुपए मंगवाए। कुल 4.60 लाख रुपए भेजने के बाद जब वह लगातार और रकम मांगने लगा तो पीड़िता को धोखाधड़ी का संदेह हुआ और उसने पैसे भेजना बंद कर दिया।
तरुण कोरी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी। सायबर सेल से मिली लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम गाजियाबाद पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। उसे रतलाम लाकर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पकड़ने वाली टीम में थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी, एसआई हिमालसिंह डामोर, निरीक्षक अमित कोरी, आरक्षक नरेंद्र पावरा, कान्हा मेघवाल तथा सायबर टीम के विपुल भावसार, राहुल पाटीदार और मोर सिंह डामोर शामिल थे।









