देशभर में बढ़ते सुरक्षा तनाव के बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल के समत्व भवन में एक उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रदेश के हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभाग अलर्ट मोड में रहें और जरूरी नागरिक सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। सुरक्षा से जुड़े सभी ऐहतियाती कदम तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएं।
सीएम ने अफवाहों पर नियंत्रण रखने, राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई और जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, अग्निशमन और अन्य आपात सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया। जब तक हालात सामान्य न हों, किसी भी सरकारी अधिकारी और फील्ड स्टाफ को छुट्टी पर न जाने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, एसीएस गृह जे.एन. कंसोटिया, डीजीपी कैलाश मकवाना सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में नागरिक सेवाओं, प्रशासनिक समन्वय और सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। अब उनकी सुरक्षा में पोर्टेबल फोल्डआउट बैलिस्टिक शील्ड जैसी अत्याधुनिक तकनीक शामिल की गई है। साथ ही, सुरक्षा कर्मियों की संख्या में भी इजाफा किया गया है ताकि किसी भी खतरे की स्थिति में तत्काल सुरक्षा प्रदान की जा सके।
