भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी स्थित वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में अब पर्यटक जल्द ही शेर, बाघ, तेंदुए के साथ अफ्रीका के जिराफ और जेब्रा को भी नजदीक से देख सकेंगे। वन विहार प्रबंधन ने अफ्रीका से इन दुर्लभ विदेशी प्राणियों को लाने के लिए अंतरराष्ट्रीय टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी मिल चुकी है और मास्टर ले-आउट प्लान को भी स्वीकृति दे दी गई है।
वन विभाग के अनुसार, एक विशेषज्ञ एजेंसी को नियुक्त किया जाएगा जो अफ्रीकी देशों से इन जानवरों का चयन, सुरक्षा, देखभाल और समुद्री मार्ग से भारत तक लाने की जिम्मेदारी संभालेगी। यह पूरी प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव कानूनों और शर्तों के तहत की जाएगी।
वन विहार की जैविक संरचना, जैसे कि बबूल के पेड़, फूल और फलदार वनस्पतियां, जिराफ और जेब्रा के लिए अनुकूल मानी गई हैं। यदि यह योजना सफल होती है, तो वन विहार मध्य प्रदेश का पहला पार्क बन जाएगा जहां इन विदेशी जीवों का दीदार हो सकेगा।
वन विहार में पहले से ही शेर, बाघ, भालू, लोमड़ी, तेंदुआ, बारहसिंगा, हिरण जैसे वन्यजीव मौजूद हैं। अब इनकी सूची में जिराफ और जेब्रा के जुड़ने से यहां की पर्यटन गतिविधियों को और अधिक बल मिलेगा और देश-विदेश से पर्यटकों का आकर्षण बढ़ेगा।
