भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बड़ा अपडेट सामने आया है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस महत्वपूर्ण डील को अंतिम चरण तक पहुंचाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक विशेष टीम अगले सप्ताह भारत का दौरा कर सकती है। तारीखों पर अंतिम सहमति बन रही है और दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है।
अमेरिकी अधिकारियों का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। यह टीम व्यापार समझौते के पहले चरण को फाइनल करने पर काम कर रही है। इससे पहले, अमेरिकी टैरिफ प्रतिबंध लगाए जाने के बाद यह दूसरी आधिकारिक यात्रा होगी। इसी साल सितंबर में भी अमेरिकी टीम भारत आई थी, जिसके बाद भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिका जाकर वार्ता को आगे बढ़ाया था।
भारत और अमेरिका दो समानांतर स्तरों पर बातचीत कर रहे हैं—एक टैरिफ समाधान के लिए रूपरेखा व्यापार समझौता और दूसरा व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौता (BTA)। अब तक छह दौर की बातचीत हो चुकी है और लक्ष्य है कि 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 191 अरब डॉलर से बढ़ाकर 500 अरब डॉलर तक पहुंचाया जाए।
अमेरिका लगातार चौथे वर्ष भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बना हुआ है। 2024-25 में दोनों देशों का व्यापार 131.84 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचा, जिसमें भारत का निर्यात 86.5 अरब डॉलर रहा।
इस दौरे के बाद समझौते को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति की उम्मीद जताई जा रही है।









