इंदौर मेट्रोपॉलिटन रीजन का दायरा बढ़ा: रतलाम–शाजापुर की तहसीलें शामिल, 4,500 किमी से ज्यादा क्षेत्र जुड़ा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Indore news : इंदौर मेट्रोपॉलिटन रीजन (IMR) के स्वरूप में एक बार फिर बड़ा विस्तार किया गया है। चौथी बार किए गए इस पुनर्गठन में रतलाम और शाजापुर जिलों की तहसीलों को पहली बार शामिल किया गया है, जबकि उज्जैन, देवास और धार जिलों के कुछ क्षेत्रों का दायरा भी बढ़ाया गया है।

नए विस्तार के बाद इंदौर मेट्रोपॉलिटन रीजन का कुल क्षेत्रफल 9989.69 वर्ग किलोमीटर से बढ़कर 14550.29 वर्ग किलोमीटर हो गया है। इस तरह लगभग 4560.6 वर्ग किलोमीटर अतिरिक्त क्षेत्र IMR में जोड़ा गया है। सरकार ने यह निर्णय भविष्य की शहरी जरूरतों, औद्योगिक विकास और बेहतर परिवहन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया है।

इस विस्तार की खास बात यह है कि पहली बार रतलाम जिले की दो तहसीलें—रतलाम और रतलाम नगर—को IMR का हिस्सा बनाया गया है। इसके साथ ही शाजापुर जिले की तीन तहसीलें भी पहली बार मेट्रोपॉलिटन रीजन में शामिल की गई हैं।

उज्जैन जिले की माकड़ोन तहसील को रीजन में जोड़ा गया है, जबकि वहां की तीन अन्य तहसीलों के क्षेत्र का विस्तार किया गया है। देवास जिले की दो तहसीलों और धार जिले की एक तहसील के क्षेत्र में भी बढ़ोतरी की गई है।

धार जिले की बदनावर तहसील का दायरा विशेष रूप से बढ़ाया गया है। यहां प्रस्तावित प्रधानमंत्री मित्रा टेक्सटाइल पार्क को मेट्रोपॉलिटन रीजन में शामिल किए जाने से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

विस्तार के बाद IMR में शामिल तहसीलों की संख्या 29 से बढ़कर 35 हो गई है। अब पूरे क्षेत्र का विस्तृत सर्वे कराया जाएगा और आगामी छह महीनों में इंदौर मेट्रोपॉलिटन रीजन की समग्र विकास योजना तैयार की जाएगी, जिसमें शहरी विकास, उद्योग, आवास और परिवहन का समन्वित खाका तैयार किया जाएगा।

और पढ़ें