इंडिगो पर मोदी सरकार का कड़ा एक्शन तय: उड़ानें होंगी कम, स्लॉट जब्त होंगे और लगेगा भारी जुर्माना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। हजारों फ्लाइट्स के कैंसिल होने और लगातार अव्यवस्था के बाद केंद्र सरकार अब कंपनी पर बड़ा एक्शन लेने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो की उड़ानों में बड़ी कटौती, स्लॉट जब्ती, भारी जुर्माना और शीर्ष अधिकारियों पर कार्रवाई जैसे कदम सरकार जल्द उठा सकती है। आज नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू दोपहर 12 बजे लोकसभा में इस मुद्दे पर बयान भी देंगे।

1 से 8 दिसंबर के बीच बड़ी संख्या में फ्लाइट कैंसिल होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सरकार ने स्पष्ट किया कि इंडिगो की विंटर शेड्यूल क्षमता में लगभग 5% की कटौती तय है, जिससे प्रतिदिन करीब 110 उड़ानें कम हो सकती हैं। हालात नहीं सुधरे तो दूसरी 5% कटौती भी संभव है। इस अवधि में कैंसिल हुए 7.3 लाख से ज्यादा PNRs की रकम में से लगभग 745 करोड़ रुपये यात्रियों को रिफंड किए जा चुके हैं। वहीं 9,000 फंसे बैगों में से 6,000 यात्रियों को सौंप दिए गए हैं।

सरकार आज सभी एयरलाइन ऑपरेटर्स के साथ उच्च-स्तरीय बैठक भी कर रही है, जिसमें इंडिगो के संचालन को सामान्य करने की टाइमलाइन, यात्रियों को राहत देने के उपाय, रिफंड सिस्टम, एयरफेयर कैपिंग और भविष्य में इस तरह की अव्यवस्था रोकने पर चर्चा होगी। सरकार का कहना है कि एयरलाइन सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा और इंडिगो को अपने संचालन में सुधार के लिए सख्त कदम उठाने होंगे।

और पढ़ें