इंदौर से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें पाकिस्तान की रहने वाली निकिता नागदेव ने कराची से वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधी मदद की अपील की है। वीडियो में निकिता भावुक होकर कहती है कि उसके पति विक्रम नागदेव ने उसे धोखा दिया, पाकिस्तान से शादी कर भारत लाया और अब इंदौर में बिना सरकारी अनुमति के रहकर दूसरी शादी करने जा रहा है।
निकिता नागदेव की शादी विक्रम से 26 जनवरी 2020 को पाकिस्तान में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। शादी के एक महीने बाद वह उसे भारत लेकर आया, लेकिन यहां पहुंचते ही निकिता को पता चला कि विक्रम का अपने ही रिश्तेदार शिवांगी धींगरा के साथ प्रेम संबंध है। निकिता ने यह बात अपने ससुराल में बताई, लेकिन उसे यह कहकर टाल दिया गया कि “लड़के तो अफेयर करते ही हैं।”
9 जुलाई 2020 को वीज़ा में खामी का बहाना बनाकर विक्रम ने निकिता को अटारी बॉर्डर से पाकिस्तान वापस भेज दिया। निकिता का आरोप है कि कोविड काल में उसे जबरन पाकिस्तान भेजा गया और तब से लेकर अब तक विक्रम ने न तो उसे वापस बुलाने की कोशिश की, न ही उससे किसी तरह का संपर्क रखा। इस बीच विक्रम और शिवांगी ने भारत में सगाई कर ली और मार्च 2026 में उनकी शादी तय हो गई है।
निकिता के पिता ने शिवांगी के परिवार से बात की, लेकिन वहां भी उसे सिर्फ यह सुनने को मिला कि “लड़कियां भी अफेयर करती हैं, इन्हें कौन रोक सकता है।” निकिता ने शिवांगी से गुजारिश भी की कि वह किसी और से शादी कर ले, लेकिन इसके बावजूद दोनों परिवारों ने रिश्ते को आगे बढ़ा दिया।
निकिता ने 15 जनवरी 2025 को पाकिस्तान से ही व्हाट्सऐप के माध्यम से इंदौर की सिंधी पंचायत मीडिएशन एंड लीगल कंसल्टेशन सेंटर में विक्रम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पंचायत ने उसे इंदौर आकर व्यक्तिगत रूप से बयान देने को कहा, लेकिन निकिता ने सुरक्षा कारणों से मना कर दिया और मांग की कि उसकी सुनवाई ऑनलाइन पाकिस्तान से ही की जाए। पंचायत ने कलेक्टर को पत्र भेजकर विक्रम को डिपोर्ट करने की सिफारिश की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
अब कराची से जारी अपने ताजा वीडियो में निकिता ने भावुक होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगाई कि उसे न्याय दिलाया जाए। उसका आरोप है कि विक्रम पाकिस्तानी नागरिक होते हुए भी बिना अनुमति के भारत में रह रहा है, मकान खरीद चुका है और अब दूसरी शादी की तैयारी कर रहा है।
सिंधी पंचायत के चेयरमैन किशोर कोडवानी ने भी माना है कि विक्रम भारत में अवैध रूप से रहकर कानून का उल्लंघन कर रहा है। उन्होंने सलाह दी कि निकिता पाकिस्तान के कराची कोर्ट में भी न्याय की मांग कर सकती है।
निकिता का कहना है—“मुझे मेरे हक की लड़ाई लड़ने का मौका दीजिए। अगर सरकार दखल नहीं देगी, तो मैं कोर्ट जाऊंगी।”
यह मामला अब तेजी से सोशल मीडिया पर फैल रहा है और लोग प्रशासनिक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।









