अजमेर दरगाह क्षेत्र में उर्स के पहले अतिक्रमण की बड़ी कार्यवाही

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अजमेर : (शाहनवाज शेख) आज सुबह ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह क्षेत्र में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई देखी गई। दरगाह क्षेत्र में अंदर कोट, दरगाह बाजार, कमानी गेट, त्रिपोलिया गेट और अढ़ाई दिन का झोपड़ा के आस-पास में अतिक्रमण को हटाने नगर निगम के अधिकारी अपनी टीम के साथ पहुंचे। यहां दरगाह थाना पुलिस का भारी जाप्ता भी मौजूद रहा। अचानक सुबह-सुबह नगर निगम का पीला पंचा (जेसीबी) चलने और भारी पुलिस बल से इलाके में हड़कंप मच गया। दुकानदारों की दुकानें खुलने से ही पहले बाजार में दुकानों और मकानों के आगे हो रखे अतिक्रमण नगर निगम के पीले पंजे ने साफ कर दिया।

अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई से स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने नगर निगम अधिकारियों को अपने विश्वास में लिया और खुद गैर कानूनी कब्जा हटाने की बात कही। स्थानीय दुकानदार अब्दुल हामिद खां और आलम बाबा ने खुद अतिक्रमण हटाते हुए नगर निगम अधिकारी को सहयोग करने की भी बात कही। अजमेर सिटी एडिशनल एसपी हिमांशु के अनुसार जिला प्रशासन और पुलिस जाप्ता के साथ नगर निगम की ये कार्रवाई आगामी उर्स के मद्देनजर अंजाम दी गई है। 814वां उर्स दिसंबर में होगा। इसी के तहत अब दरगाह इलाके में जायरीन की भारी भीड़ के मद्देनजर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए बाजारों और सड़कों से अतिक्रमण हटाया जा रहा है।

नगर निगम की आयुक्त अनिता चौधरी के अनुसार अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर दरगाह के आस पास के बाजारों और सड़कों को साफ सुथरा और छपरा, अतिक्रमण हटाकर चौड़ा रास्ता किया जा रहा है। अवैध रूप से नालियों और दुकानों के बाहर सामान और चबूतरे बना कर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था, जिसे हटाया गया है। इस तरह की कार्रवाई उर्स को ध्यान में रखते हुए आगे भी जारी रहेगी। फिलहाल दरगाह बाजार, नाला बाजार, घसेटी बाजार समेत मदार गेट तक नगर निगम की अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञात हो कि अजमेर दरगाह उर्स के अवसर पर देश दुनिया से लाखों जायरीन जियारत करने के लिए अजमेर पहुंचते हैं ऐसे में दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है साथ ही व्यवस्थाएं बिगड़ी है जिसको लेकर नगर निगम ने यह कार्रवाई की है। दुकानदारों ने इस दौरान आक्रोश भी जताया लेकिन प्रशासन का कहना है कि व्यवस्था में सुधार करने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है।

22 दिसंबर 2025 से उर्स की शुरुआत 

अजमेर शरीफ दरगाह के खादिम सैयद शकील अहमद चिश्ती ने बताया कि हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती अजमेर का उर्स पर 17 दिसंबर 2025 को झंडा पहराया जाएगा। 22 दिसंबर उर्स की शुरू पर जन्नती दरवाजा खुलेगा। 26 दिसंबर को जुम्मा की नमाज अदा होगी। 27 दिसंबर को अजमेर में छठी शरीफ का आयोजन रहेगा। वही 30 दिसंबर को 12 कुल की रस्म अदा होगी।

 

और पढ़ें