नई दिल्ली (विशेष प्रतिनिधि) मध्य प्रदेश में बीते दिनों कांग्रेस के 71 जिला अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे जिनको लेकर रविवार को नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की बैठक का आयोजन किया गया था। इस दौरान राहुल गांधी ने अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि, मैं सभी जिला अध्यक्षों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करता हूं और जो अच्छा प्रदर्शन करेगा वही आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में टिकट वितरण को लेकर भी जिला अध्यक्षों की सहमति अनिवार्य रहेगी। साथ ही साथ उन्होंने यह भी कहा कि कोई कितना भी बड़ा नेता हो जिला अध्यक्ष की बात माननी ही पड़ेगी। उन्होंने समस्त जिला अध्यक्ष को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि हर एक कार्यकर्ता को साथ लेकर चलना तुम्हारी प्राथमिकता होनी चाहिए। एआईसीसी मुख्यालय में हुए कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश के चुने हुए जिलाध्यक्षों को प्रदेश कांग्रेस की असली शक्ति बताया।
राहुल ने कहा कि कांग्रेस संगठन सृजन अभियान में तय हुआ था कि जो व्यक्ति कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने वाला हो उसे चुना जाएगा। चाहे उसने जिलाध्यक्ष के लिए आवेदन न किया हो या नहीं। हमारे पर्यवेक्षकों की राय पर ऐसे अध्यक्ष चुने गए हैं जो जिले में ताकतवर हैं। बैठक में प्रदेश से सभी चुने गए 71 जिलाध्यक्ष दिल्ली पहुंचे, जिस पर गांधी ने सभी को धन्यवाद दिया।
जिले के अंदर ब्लॉक और नगर कमेटियों को मजबूत करें
राहुल गांधी ने कहा कि सभी जिला अध्यक्ष अपने अधीन मंडल, ब्लॉक कमेटी को मजबूत करें। बूथ कमेटिया बनाते समय यह ध्यान रखें कि कार्यकर्ता पार्टी का वफादार व्यक्ति हो। चुनी हुई जिले की कार्यकारिणी कांग्रेस की विचारधारा से न हिले। कोई उन्हें प्रलोभन दे तो उसमें न आएं। कांग्रेस के ही लोग रहें, ऐसे लोग चाहिए। प्रदेश में पिछली सरकारों के दौरान, बीच में बदलाव आया। मंत्री लोग अपने चहेतों को जिलाध्यक्ष बनाने लगे। उस दौरान योग्यता और विचारधारा को दरकिनार किया गया था।
कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभी नव नियुक्त जिलाध्यक्षों को कांग्रेस के सिद्धांतों, संगठन की मजबूती और लोकतंत्र की रक्षा के लिए मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर भाजपा की वोट चोरी की साजिशों को बेनकाब करेंगे और जनता के विश्वास की लड़ाई जीतेंगे। खरगे ने कहा कि अपनी वोटर लिस्ट की गहन जांच करते रहना होगा, ताकि अगर भाजपा के लोग या बीएलओ हमारे लोगों के नाम काटें तो हम उन्हें तुरंत पकड़ लें। हम बिना अपने संगठन को मजबूत किए सत्ता में वापसी नहीं कर सकते। इसके लिए जरूरी है कि जिलाध्यक्ष मजबूत हों, तभी संगठन मजबूत होगा।