शाजापुर जिले के शुजालपुर में लोकमाता पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर रविवार को ऐतिहासिक उत्सव का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे हेलमेटधारी बाइक रैली से हुई, जिसमें 100 से अधिक दोपहिया वाहन शामिल रहे। रैली में सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर मिसाल पेश की गई। शहर की युवती गरिमा ने अहिल्याबाई का रूप धारण कर रैली का नेतृत्व किया, जिससे आयोजन में खास उत्साह देखने को मिला।
रैली सिटी हायर सेकेंडरी स्कूल से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई रुद्राक्ष गार्डन पहुंची, जहां दीप प्रज्वलन के साथ मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसमें नगर पालिका अध्यक्ष बबीता परमार ने अहिल्याबाई को महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया और उनके पदचिन्हों पर चलने की अपील की। विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने ऐसे आयोजनों को नई पीढ़ी के लिए जरूरी बताया। सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने अहिल्याबाई को इंदौर शहर की नींव और व्यापारिक विकास की जननी बताया।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि पांडे, संघ के पूर्व प्रचारक हरिसिंह धनगर व विद्या भारती के प्रांत अध्यक्ष प्रकाशचंद्र धनगर ने भी अपने विचार रखे। युवा धनगर महासभा के आयोजन में दो हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही, जिन्होंने श्रद्धा से लोकमाता को नमन किया।
यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं बल्कि सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना का प्रतीक बन गया।
