खेल प्रेमियों का जमावड़ा, डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनावर : (सिंघम रिपोर्टर) मनावर के मेला मैदान पर शुक्रवार रात 9 बजे से टेनिस बॉल डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज हुआ। प्रतियोगिता की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल, नगर अध्यक्ष अजय पाटीदार और पूर्व अध्यक्ष सचिन पांडे ने किया।

एमपीएल (MPL) क्रिकेट क्लब के टूर्नामेंट में धार, बड़वानी और खरगोन जिले की कुल 32 टीमें अपनी किस्मत आजमा रही हैं। समिति ने बताया कि विजेता टीम को 77,777 रुपए का पहला पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 33,333 रुपए और तीसरे पुरस्कार के रूप में 11,111 रुपए दिए जाएंगे।

खेल मैदान में जयदीप पटेल ने कहा कि युवाओं की फिटनेस और उनमें जोश भरने के लिए खेल बहुत जरूरी हैं। वहीं, नपा अध्यक्ष अजय पाटीदार ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि मैदान पर पसीना बहाने से न केवल शरीर मजबूत होता है, बल्कि आपस में भाईचारा भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि गांव और शहर की छिपी हुई प्रतिभाओं को बाहर लाने के लिए ऐसे मंच जरूरी हैं।

देर रात 2 बजे तक चौके-छक्कों की गूंज

टूर्नामेंट के तीसरे साल में प्रवेश पर पूर्व अध्यक्ष सचिन पांडे ने सभी से खेल भावना बनाए रखने की अपील की। क्लब के सोनू शिंदे ने बताया कि पहले दिन ही आठ टीमों के बीच जोरदार मुकाबले हुए, जो देर रात 2 बजे तक चले। इनमें से चार टीमों ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

मैदान पर उमड़ी खेल प्रेमियों की भीड़

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य शिवराम कन्नौज समेत कई पार्षद और सरपंच मौजूद रहे। कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में दर्शक मैदान पहुंचे और मैच का भरपूर आनंद लिया। खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों के शोर से पूरा मेला मैदान गूंज उठा।

और पढ़ें