हनुमान मंदिर परिसर में फूलों की होली, फाग उत्सव में झूमा प्रताप नगर
रतलाम। प्रताप नगर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में रंगों के पर्व होली के पावन अवसर पर फूलों की होली का भव्य और भक्तिमय आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित फाग उत्सव में गोरा ग्रुप महिला मंडल की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पूरे वातावरण को आनंद और उल्लास से भर दिया।

मंदिर परिसर जब रंग-बिरंगी फूलों की पंखुड़ियों से सजा, तो फाग गीतों की मधुर स्वर लहरियों के साथ भक्तिमय माहौल बन गया। महिलाओं ने पारंपरिक भजनों एवं फाग गीतों पर नृत्य करते हुए एक-दूसरे पर पुष्प वर्षा की और होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत आकर्षक भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं राधा-ठाकुर की मनोहारी झांकी उत्सव का विशेष आकर्षण रही, जिसे देखने श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। राधा-ठाकुर की छवि के समक्ष फूलों की होली खेली गई, जिससे संपूर्ण परिसर भक्ति और प्रेम के रंग में रंग गया।

इस आयोजन ने आपसी प्रेम, सौहार्द और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।









