स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मंत्री ठाकुर, नए अभियान “हर ग्राम-एक काम” की भी शुरुआत की

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बड़वानी : मप्र.- आज बड़वानी जिले के नांगलवाड़ी देवस्थान पर बड़वानी सांसद गजेंद्र सिंह पटेल के जन्मदिवस के अवसर पर सुशीला देवी उमरावसिंह पटेल सेवा संस्थान द्वारा संचालित सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन एवं टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत विशाल जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन हुआ। जिसमें मध्यप्रदेश के महामहिम राज्यपाल मंगूभाई पटेल, केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर मुख्य रूप से शामिल हुई।

राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने सांसद गजेंद्र सिंह पटेल के काम की तारीफ करते हुए कहा कि वे अपने माता-पिता के बताए रास्ते पर चलकर लोगों की सेवा कर रहे हैं, जो बहुत अच्छी बात है। यह संस्था पिछले चार सालों से टी.बी. के मरीजों को अच्छा खाना देने और सिकल सेल जैसी बीमारियों की जांच के लिए लगातार काम कर रही है। इस दौरान राज्यपाल ने सांसद के एक नए अभियान “हर ग्राम-एक काम” की भी शुरुआत की। इस अभियान का मकसद हर गांव की पंचायत में कम से कम एक बड़ा सरकारी काम पूरा करना है। इसके लिए सांसद खुद हर गांव जाएंगे और युवाओं और महिलाओं से बात करेंगे ताकि वहां रोजगार के नए मौके मिल सकें।

मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि सेवा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के संकल्प के साथ आयोजित यह शिविर आदिवासी एवं ग्रामीण अंचल के नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहा है। प्रदेश एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य अभियानों को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने हेतु हम सभी निरंतर प्रतिबद्ध हैं।

हेल्थ कैंप में दिल, कैंसर, हड्डी और बच्चों के बड़े डॉक्टरों ने लोगों का मुफ्त इलाज किया। यहां ईसीजी, शुगर, ब्लड प्रेशर और आंखों की जांच के साथ-साथ कई तरह के टेस्ट भी किए गए। बड़ी संख्या में गांव वालों ने आकर इस कैंप का फायदा उठाया।

इस दौरान कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य और डॉ. प्रकाश शास्त्री समेत कई बड़े नेता और समाजसेवक मौजूद रहे। सभी ने सेवा के इस काम को सराहा।

 

 

और पढ़ें