मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार शाम नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री डॉ. मनोहर लाल खट्टर से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ-2028 की तैयारियों से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी साझा की।
उन्होंने सिंहस्थ क्षेत्र में अधोसंरचना विकास, यातायात प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, नदी संरक्षण, अस्थायी आवास निर्माण और क्षेत्र विस्तार से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सिंहस्थ-2028 को अंतरराष्ट्रीय स्तर का उत्कृष्ट आयोजन बनाने के लिए बहुआयामी योजनाओं पर काम कर रही है।
साथ ही उन्होंने केंद्र की प्रमुख योजनाओं—स्वच्छ भारत अभियान, अमृत मिशन, स्मार्ट सिटी, विद्युत और शहरी आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति पर भी केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर मुख्य नीरज मंडलोई, केंद्रीय मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी और राज्य शासन के अधिकारी मौजूद रहे।








