इंदौर के सांवेर क्षेत्र के पंचडेरिया गांव में सोमवार को रिहायशी इलाके से सटी एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। फैक्ट्री कृष्णा एनक्लेव कॉलोनी के पास स्थित थी। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। धमाका इतना तेज था कि टीन शेड से बनी फैक्ट्री पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री बंद थी, लेकिन अंदर वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान उठी चिंगारी से विस्फोट हो गया। सूत्रों के मुताबिक फैक्ट्री में करीब 10 हजार सुतली बम रखे हुए थे, जिससे धमाका और भी भयावह हो गया। स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री के अवैध संचालन का आरोप लगाया है और रिहायशी इलाके के पास पटाखा फैक्ट्री चलने पर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल प्रशासन फैक्ट्री के लाइसेंस और संचालन की वैधता की जांच कर रहा है।









