समाजसेवा और खेल जगत को अपूरणीय क्षति, कामरेड अश्विन शर्मा का उपचार के दौरान निधन,शोक की लहर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रतलाम, 30 दिसंबर। नगर के जाने-माने समाजसेवी, रोटरी क्लब डायमंड के अध्यक्ष तथा विभिन्न खेल संगठनों से सक्रिय रूप से जुड़े कामरेड अश्विन शर्मा का मंगलवार दोपहर वडोदरा के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे 61 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे शहर में शोक की लहर फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 दिसंबर की रात उन्हें अचानक ब्रेन स्ट्रोक आया, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल वडोदरा ले गए। वहां स्थित विन्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में उनकी ब्रेन सर्जरी की गई थी। चिकित्सकों के अनुसार सर्जरी सफल रही थी और मंगलवार को उन्हें आईसीयू से बाहर भी लाया गया था, लेकिन दोपहर 1 बजकर 31 मिनट पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनका निधन हो गया।

समाजसेवा, खेल और श्रमिक संगठनों में रहा सक्रिय योगदान

स्वर्गीय अश्विन शर्मा न केवल एक सक्रिय समाजसेवी थे, बल्कि वे शहर की अनेक खेल गतिविधियों और खेल संगठनों से भी जुड़े रहे। इसके साथ ही वे श्रमिक संगठनों में भी निरंतर सक्रिय रहते हुए सामाजिक सरोकारों के लिए कार्य करते थे। उनके सरल स्वभाव और सेवा भावना के कारण वे समाज के हर वर्ग में लोकप्रिय थे।

उनके आकस्मिक निधन से उन्हें जानने-समझने वाला हर व्यक्ति गहरे शोक में है। नगर के सामाजिक, खेल एवं श्रमिक संगठनों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है।

बुधवार को रतलाम में होगा अंतिम संस्कार

निधन की सूचना मिलते ही उनके परिजन वडोदरा के लिए रवाना हो गए। उनकी पार्थिव देह को रतलाम लाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, बुधवार को रतलाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

और पढ़ें