संभागायुक्त डॉ. खाड़े की अध्यक्षता में शासकीय श्री अहिल्या केन्द्रीय पुस्तकालय इंदौर की परामर्शदात्री समिति की बैठक सम्पन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

इंदौर : संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े की अध्यक्षता में आज शासकीय श्री अहिल्या केन्द्रीय पुस्तकालय इंदौर की परामर्शदात्री समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने समिति के सदस्यों द्वारा वर्तमान में पुस्तकालयों का महत्व बढाने और उपयोगिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए है। साथ ही केन्द्रीय पुस्तकालय तथा प्रीतमलाल दुआ सभागृह में चल रही विभिन्न गतिविधियों एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने कहा कि शासकीय श्री अहिल्या केन्द्रीय पुस्तकालय में एक ऐसा बुक बैंक बनाया जाएगा, जिसमें माध्यमिक कक्षाओं से लेकर हाई सेकेण्डरी कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए पुरानी पुस्तकों का संग्रह होगा। इस बुक बैंक योजना में छात्र अपनी पुरानी पुस्तकें जमा कर सकेंगे और जिन्हें पुस्तकों की आवश्यकता होगी, वे यहाँ से नि:शुल्क प्राप्त कर सकेंगे। इस प्रकार बुक बैंक में स्कूली कक्षाओं में पढ़ायी जाने वाली पुस्तकों का एक ऐसा संग्रह होगा, जिसका उपयोग जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के छात्र भी ले सकेंगे। इसके लिए पुस्तकालय द्वारा वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में डॉ. खाड़े ने कहा कि शासकीय श्री अहिल्या पुस्तकालय में विभिन्न प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियां भी शुरू की जाएगी। इसका लाभ लोक सेवा आयोग, संघ लोक सेवा आयोग, कर्मचारी चयन आयोग तथा हर तरह की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियां करने वाले छात्र-छात्राएं उठा सकेंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के लिये विषय विशेषज्ञों के व्याख्यान, संगोष्ठी, परिचर्चा आदि गतिविधियां प्रारम्भ करने की रूपरेखा बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही पुस्तकालय में पढ़ने वाले पाठकों की संख्या बढ़े, इसके लिए भी पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा।

बैठक में पुस्तकालय की क्षेत्रीय ग्रंथपाल एवं समिति सचिव श्रीमती हर्षिता डेविड, पूर्व ग्रंथपाल श्री जी.डी. अग्रवाल, सदस्य श्री अनिल भंडारी, संस्कृतिकर्मी श्री जयंत भिसे, सामाजिक कार्यकर्ता श्री अतुल सेठ, नगर निगम के कार्यपालन यंत्री श्री श्रीकांत काटे, इंदौर विकास प्राधिकरण के अधीक्षण यंत्री श्री रोहित मालवीय सहित संबंधित अधिकारी शामिल हुए। बैठक में पुस्तकालय एवं सभागृह में पंखे लगवाने, फर्नीचर, एसी संधारण, वाटरप्रूफिंग, बच्चों के लिये चिल्ड्रन कार्नर, रिनोवेशन एवं कबाड़ के डिस्पोजल के संबंध में भी चर्चा हुई। संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने सदस्यों के साथ शासकीय श्री अहिल्या केन्द्रीय पुस्तकालय एवं प्रीतमलाल दुआ सभागृह का अवलोकन किया और बेहतर व्यवस्था के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

अब प्रीतमलाल दुआ सभागृह में 4 घण्टे के आयोजन भी हो सकेंगे

बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने कहा कि अब 120 सीटिंग क्षमता वाले प्रीतमलाल दुआ सभागृह में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक संस्थाओं को 4 घंटे के लिए भी किराये पर उपलब्ध कराया जायेगा। प्रीतमलाल दुआ सभागृह की वर्तमान शुल्क दरों में संशोधित किया गया है। नवीन एवं संशोधित दरों के अनुसार सभागृह का किराया 4 घंटे के लिए 3 हजार रुपये तय किया गया है। इसी तरह सभागृह के 6 घंटे का किराया 6 हजार रुपये किया गया है, जो पूर्व में 9 हजार रूपये था। पूर्व में 8 घंटे का किराया 11 हजार रूपये था, जिसे संशोधित कर अब 9 हजार रुपये किया गया है। सुरक्षा निधि अलग से ली जायेगी। इसी प्रकार प्रीतमलाल दुआ सभागृह में स्थित कलावीधिका (प्रदर्शनी हॉल) में एकल प्रदर्शनी का किराया पूर्व में 5 हजार रूपये था, जिसे संशोधित कर अब 3 हजार रूपये प्रतिदिन (सुबह 11 बजे से रात्रि 8 बजे तक) किया गया है। समूह प्रदर्शनी का किराया पूर्व में 10 हजार रूपये था, जिसे संशोधित कर अब 6 हजार रुपये किया गया है। वाणिज्यिक प्रदर्शनी का किराया 20 हजार रुपये होगा। इसके अतिरिक्त शुल्क एक हजार रुपये प्रतिघंटे रहेगा। एसी शुल्क 200 रुपये प्रति घंटे और जनरेटर शुल्क एक हजार रुपये प्रति घंटे रहेगा।

और पढ़ें